सेलु/अभय बेदमोहता
रक्षाबंधन के पवित्र पर्व पर ब्रह्माकुमारीज संस्थान, भगत ले-आउट की संचालिका दर्शन दीदी ने स्थानीय प्रशासनिक कार्यालयों में पहुंचकर उच्च अधिकारियों को रक्षासूत्र बांधा और उनके यशस्वी व सेवाभावी जीवन की कामना की। इस दौरान दीदी ने तहसीलदार डॉ. शकुंतला पाजारे, भूमि अभिलेख कार्यालय के अधीक्षक दिलीप गर्जे तथा महाबीज मंडल के प्रमुख अधिकारी से भेंट कर उन्हें रक्षा बंधन की आत्मीय शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान आध्यात्मिकता का संदेश देते हुए भूमि अभिलेख अधीक्षक दिलीप गर्जे को ‘दिल एक ईश्वर से लगाओ तो सभी दुख-दर्द दूर हो जाएंगे’ तथा महाबीज मंडल के अधिकारी को ‘सबसे बड़ी सेवा है—जीवन की खुशियां दूसरों के संग बांटना’ इन प्रेरणादायी वचनों से सुसज्जित पोस्टर भेंट किए। अधिकारियों ने भी इस अनूठी पहल का स्वागत करते हुए आध्यात्मिक विचारों को अपने जीवन और कर्तव्य पथ पर आत्मसात करने का संकल्प लिया।
भाई-बहन के पवित्र प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन केवल एक धागे का बंधन नहीं, बल्कि यह सुरक्षा, पवित्रता, और नैतिक मूल्यों का संदेश देने वाला महान पर्व है। जब यही रक्षासूत्र समाज की सेवा में समर्पित प्रशासनिक अधिकारियों की कलाई पर बंधता है, तो यह उनके भीतर जनसेवा, निष्पक्षता और कर्तव्यनिष्ठा के भाव को और अधिक मजबूत करता है। ब्रह्माकुमारीज संस्थान द्वारा इस पर्व को इस अनोखे रूप में मनाना समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सौहार्द और आध्यात्मिक चेतना का संचार करता है।


